वाराणसी। दवा फर्म पर रेड कर भारी मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां जब्त की गई हैं। मंडुवाडीह थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर ड्रग डिपार्टमेंट ने यह कार्रवाई की। टीम ने चौधरी कटरे में चलने वाली दवा फर्म पर छापा मारा। मौके पर भारी मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां मिली। ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी के अनुसार इन दवाइयों की बाजार में कीमत करीब 25 लाख हैं।

फर्म संचालक संदीप श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। वह इन दवाओं के संबंध में कोई कागजात नहीं दिखा सके। दवाइयों का सैंपल लेकर उसको जांच के लिए भेजा गया है। मामले में ड्रग एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।कफ सीरफ प्रकरण में अभी जांच चल ही रही है।

औषधि विभाग ने नकली दवाइयों के खिलाफ फिर से अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत मंडुवाडीह इलाके में रात को टीम पहुंची। यहां टीम को गलत तरीके से दवाओं के कारोबार की जानकारी मिली थी। कार्रवाई में टीम ने संबंधित फर्म पर रखी दवाइयों की जांच की। ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी ने बताया कि नकली दवाओं के पकडऩे का अभियान चलाया जा रहा है।

संदीप श्रीवास्तव के फर्म पर जांच के दौरान कोई खरीद-बिक्री का कागजात नहीं मिला। न ही रखी गई दवाओं के बारे में वह कोई जानकारी दे सके। इन दवाइयों को संदिग्ध मानते हुए सीज कर दिया है।