जहानाबाद। अवैध दवा से लदी कार पकड़ी गई है। बरेली हाईवे पर पुलिस ने कार को रोका। तलाशी में भारी मात्रा में एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाएं बरामद हुई। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास दवाओं से संबंधित कोई बिल या रसीद नहीं मिली। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

यह है मामला

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शाही चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया। एक कार को रोककर तलाशी ली। कार सवार लोगों ने अपने नाम महफूज आलम, कौशर और रोहित बताए। कार की तलाशी लेने पर दवाएं, सिरप, टैबलेट, तेल बरामद हुए। तीनों आरोपी दवाओं से संबंधित कोई बिल या रसीद नहीं दिखा सके। वे न्यूरिया क्षेत्र स्थित शाने गुल गार्डन मैरिज हॉल में मरीजों को दवाएं बांटकर लौट रहे थे।

डॉक्टर मोहम्मद अनस प्रत्येक गुरुवार को वहां मरीजों को देखकर दवाएं देते हैं। डॉक्टर के नहीं आने पर वे स्वयं दवाएं वितरित कर रहे थे। मैरिज हॉल में कोई क्लीनिक पंजीकृत नहीं है। मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। विजिटिंग कार्ड पर अंकित आरोग्य दवाखाना भी न्यूरिया क्षेत्र में नहीं मिला। इससे प्रथम दृष्टया लोगों को गुमराह कर इलाज करने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर तथा जिला आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी को सूचना दे दी है।

बरामद दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। साथ ही डॉक्टर एम.ए. मलिक के पर्चे पर अंकित बीयूएमएस डिग्री का भी सत्यापन कराया जा रहा है। तलाशी में आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 19,400 रुपये नकद भी बरामद हुए। थाना जहानाबाद में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस हर बिंदू पर मामले की जांच कर रही है।