बरेली (उप्र)। महेशनाथ अस्पताल के संचालक और डॉक्टर पर FIR दर्ज की गई है। दोनों पर प्रसूता रूबी की इलाज के दौरान लापरवाही से मौत का आरोप है। हरुनगला स्थित महेशनाथ अस्पताल के संचालक दीपक प्रकाश पटेल और डा. दीपक यादव पर आरोप लगा है। प्रसूता के पति सतीश ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था। एसएसपी के आदेश पर थाना बारादरी पुलिस ने कार्रवाई की। इससे पहले सीएमओ ने अस्पताल का पंजीकरण निलंबित कर संचालन पर रोक लगाई थी।

पीलीभीत के गांव टेडा श्रीराम निवासी सतीश वर्मा ने एसएसपी से शिकायत की थी। उन्होंने अपनी पत्नी रूबी को प्रसव पीड़ा होने पर महेशनाथ अस्पताल में भर्ती कराया था। डा. दीपक यादव ने जांच के बाद इलाज शुरू किया। इसके बाद पत्नी का आपरेशन किया गया। उन्हें बताया गया कि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित है। इसके बाद पत्नी को आइसीयू में शिफ्ट कर दिया।

उन्हें और उनके स्वजन को मिलने नहीं दिया। रात में जब उनका छोटा भाई रूबी से मिलने गया तो उसने बताया कि रक्तस्राव ज्यादा हो रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बात की। चार घंटे तक बार-बार कहने के बाद भी किसी डाक्टर को नहीं बुलाया। अगले दिन सुबह इलाज न मिलने से रूबी की मौत हो गई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

डीएम से भी मामले की शिकायत की थी

सतीश ने डीएम से भी मामले की शिकायत की थी। इसके बाद जांच समिति बनी थी। समिति ने पाया कि रूबी का इलाज डा. दीपू यादव, डा.अनिल कसिंह, डा. सर्वेश ने किया। जबकि यह डाक्टर अस्पताल में पंजीकृत ही नहीं हैं। समिति की संस्तुति पर सीएमओ ने अस्पताल का पंजीकरण निलंबित कर दिया। इसके साथ ही अस्पताल के संचालन पर रोक लगाई थी