पूर्णिया (बिहार)। अवैध मेडिकल स्टोर में छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। मौके से 80 प्रकार की दवाएं जब्त की गई हैं। जिला प्रशासन और औषधि नियंत्रण प्रशासन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। लाइन बाजार के बिहार टाकीज रोड स्थित एक अवैध दवा दुकान में छापेमारी की गई।
यह है मामला
औषधि निरीक्षक रंजन कुमार ने बताया कि मो. सज्जाद अवैध दवा दुकान का संचालन कर रहा था। उनके विरुद्ध न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। छापेमारी के दौरान दो संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए हैं। उन्हें गुणवत्ता जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजा गया है। जिले में अवैध मेडिकल दुकानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
बिना लाइसेंस दवा बिक्री, प्रतिबंधित दवाओं के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी बालूघाट चौक स्थित अवैध दवा दुकान पर छापेमारी की गई थी। तब लगभग 15 लाख रुपये से अधिक की फिजिशियन सैंपल दवाएं जब्त की थीं। इस मामले में मो. नसीम आलम एवं उसके भाई नजरूल आलम के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।










