बागपत (यूपी)। झोलाछाप डॉक्टर के क्लीनिक पर छापेमारी की गई है। ग्राम शबगा में शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की। क्लीनिक में दो मरीजों का इलाज किया जा रहा था। टीम को देखते ही झोलाछाप डॉक्टर मरीजों को छोडक़र मौके से भाग गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. विजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने क्लीनिक पर छापेमारी की।
झोलाछाप डॉक्टर अख्तर के क्लीनिक पर एक चारपाई पर दो महिला मरीजों का इलाज किया जा रहा था। वहीं एक अन्य चारपाई पर भी दो मरीज मौजूद थे। एक महिला मरीज को ग्लूकोज की ड्रिप भी लगाई गई थी। डॉ. विजय कुमार ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन, मान्यता के एक घर में ही क्लीनिक खोला गया था। मामले की सूचना तत्काल थाना छपरौली के एसएचओ को दी गई थी।
टीम ने क्लीनिक में उपलब्ध दवाओं को कब्जे में लेते हुए सील कर दिया। डॉ. विजय कुमार ने इस सम्बंध में आरोपी झोलाछाप के खिलाफ केस दर्ज कराया है। झोलाछाप की तलाश की जा रही है। साथ ही क्लीनिक पर मौजूद मरीजों को सीएचसी भेजा गया है।










