मेरठ (यूपी)। नशीली दवाओं के नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। मेजर ध्यानचंद नगर इलाके में ड्रग्स विभाग ने यह कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने मास्टरमाइंड ओमकार के ठिकाने पर रेड की। मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित व नशीली दवाएं बरामद की गई हैं।
आरोपी ने एक आम रिहायशी मकान को अपना ठिकाना बना रखा था। बाहर से देखने पर यह जगह सामान्य दवाइयों के भंडारण की जगह लग रही थी। अंदर अवैध नशीली दवाओं की तस्करी का नेटवर्क संचालित मिला। मौके से प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन, ड्रग्स, फर्जी रैपर आदि सामग्रियां मिली हैं। पुलिस ने मुख्य सरगना ओमकार के साथ कई अन्य संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। इन नशीली दवाओं का मुख्य स्रोत पता लगाया जा रहा है। जब्त की सामग्रियों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की जा सकती है।










