चंडीगढ़। केमिस्ट शॉप्स पर छापेमारी कर प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की गई हैं। ड्रग्स कंट्रोल विंग ने शहर की तीन केमिस्ट दुकानों पर दबिश दी। यह कार्रवाई सेक्टर-40, 41 और 23-सी में की गई। इन दुकानों से प्रेगाबालिन, ट्रामाडोल और कोडीन वाली दवाएं जब्त की हैं। इन दवाओं के गलत इस्तेमाल की आशंका के चलते ये कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई नशा मुक्त भारत अभियान के तहत की गई।
सेक्टर-40 की दुकान से 820 कैप्सूल जब्त
औषधि टीम ने साई मेडिकल एजेंसी की जांच की। यहां से प्रेगाबालिन वाली पांच तरह की एलोपैथिक दवाएं मिलीं। टीम ने कुल 820 कैप्सूल जब्त किए। इनकी कीमत करीब 13 हजार रुपए बताई गई है। दुकान संचालक जब्त दवाओं के खरीद और बिक्री रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। इसके बाद दवाओं को जब्त कर लिया गया। ड्रग कंट्रोल विंग की टीम ने सेक्टर-41 स्थित सूद मेडिकल स्टोर की जांच की।
यहां से ट्रामाडोल और कोडीन वाली तीन तरह की दवाएं जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान टीम ने 120 कैप्सूल और कफ सिरप की 35 बोतलें जब्त कीं। जब्त दवाओं की कुल कीमत करीब 27 हजार रुपए बताई गई है। राय मेडिकोज से प्रेगाबालिन और कोडीन फॉस्फेट वाली पांच तरह की दवाएं जब्त की गईं। टीम ने 800 कैप्सूल और कफ सिरप की तीन बोतलें बरामद कीं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 26 हजार रुपए बताई गई है।
तीनों दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी होंगे
ड्रग कंट्रोलर, यूटी चंडीगढ़ की ओर से तीनों फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इन कार्रवाई में कुल 1,740 कैप्सूल और 38 बोतल कफ सिरप जब्त किए हैं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 66 हजार रुपए बताई गई है।










