बाराबंकी (यूपी)। नारकोटिक्स दवाएं मिलने पर मेडिकल स्टोर सील करने का मामला सामे आया है। दो दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। यह कार्रवाई औषधि विभाग ने ब्राह्मणी टोला में स्थित सत्यम फार्मा एंड सर्जिकल स्टोर पर की।

औषधि टीम ने स्टोर में मौजूद दवाओं और बिक्री से जुड़े कागजात की जांच की। टीम को नारकोटिक्स श्रेणी की कुछ दवाएं और इंजेक्शन मिले। टीम ने इन दवाओं और इंजेक्शन को अपने कब्जे में ले लिया। दो अलग-अलग दवाओं के सैंपल भी लिए। इन सैंपलों को लैब भेजा गया है। औषधि निरीक्षक रजिया बानो ने बताया कि नारकोटिक्स दवाएं डॉक्टर के पर्चे के बिना नहीं बेची जा सकतीं।

स्टोर पर ऐसी कुछ दवाएं और इंजेक्शन मिले हैं। इन्हें कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने तक सत्यम फार्मा एंड सर्जिकल स्टोर को सील कर दिया है। इस कार्रवाई से कस्बे के दूसरे मेडिकल स्टोर संचालकों में भी हलचल मच गई। विभाग ने साफ किया है कि दवाओं की बिक्री में तय नियमों का पालन करना जरूरी है।