फिरोजपुर (पंजाब)। मेडिकल स्टोर और गोदाम पर छापेमारी कर 43 लाख की दवाइयां जब्त की हैं। ड्रग कंट्रोल टीम ने करीब 43 लाख रुपए की दवाइयां जब्त की हैं। दोनों जगहों पर दवाइयों के स्टॉक और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली। यह कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ. परमिंदर सिंह के निर्देशों पर की गई।
संतोषजनक जवाब नहीं दे सका मालिक
टीम ने फिरोजपुर सिटी के पिल क्लब की जांच की। यहां दवाइयों की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में खामियां मिलीं। फर्म मालिक इन खामियों पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। टीम ने 5 तरह की एलोपैथिक दवाइयां जब्त कीं। इनमें 14 हजार 100 टैबलेट और 7 हजार 920 किट शामिल हैं। जब्त किए गए स्टॉक की कीमत करीब 30.24 लाख रुपए है। इसके बाद टीम ने गोबर मंडी स्थित आरएस फार्मा के गोदाम पर छापेमारी की। यहां भी स्टॉक और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में खामियां मिलीं।
टीम ने यहां से 8 तरह की दवाइयां जब्त कीं। इनमें 1 हजार 511 किट, 44 हजार 400 कैप्सूल और 1 हजार 569 टैबलेट शामिल हैं। इनकी कीमत करीब 12.75 लाख रुपए है। संबंधित फर्मों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










