उदयपुर (राजस्थान)। नशीली दवाओं की बिक्री का मामला पकड़ में आया है। आरोपी ई-मित्र संचालक बताया गया है। ई-मित्र सेंटर की आड़ में नशीली दवाओं की तस्करी का खेल चल रहा था। सूचना के बाद सूरजपोल थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने कार्रवई की। एक ई-मित्र संचालक को प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उससे पुलिस ने 40 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल हो रही उसकी स्कूटी को भी जब्त किया है।

इन्द्रानगर बीड़ा इलाके में जीआर कम्प्यूटर ई-मित्र नाम की दुकान है। आरोपी रवि अठवाल इस दुकान का संचालन करता है। वह दुकान की आड़ में ही प्रतिबंधित अवैध कैप्सूल का यह काला कारोबार चला रहा था।
स्कूटी से डिलीवरी देने जा रहा था आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि ई-मित्र संचालक अवैध कैप्सूल की खेप सप्लाई करने के लिए निकलने वाला है। इस पर पुुलिस टीम तुरंत एक्टिव हुई। इन्द्रानगर बीड़ा में बताई गई ई-मित्र दुकान के बाहर पहुंच गई। वहां आरोपी रवि अठवाल अपनी स्कूटी के पास खड़ा दिखाई दिया। टीम ने तुरंत उसे रोककर डिटेन किया। उसकी स्कूटी की सघन तलाशी ली। उसमें से प्रतिबंधित अवैध कैप्सूल बरामद हो गए। पुलिस ने तुरंत 40 प्रतिबंधित कैप्सूल और स्कूटी को जब्त कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी रवि अठवाल को गिरफ्तार किया है। वह खांजीपीर की वाल्मिकी बस्ती का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है।