देहरादून (उत्तराखंड)। पांच मेडिकल स्टोरों को सील किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। सहसपुर, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं मिली। इस पर पांच स्टोरों को तत्काल बंद कर दवाइयों के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है।
यह है मामला
ड्रग विभाग ने मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, आदि की स्थिति की जांच की। निरीक्षण के दौरान बालाजी मेडिकोज में फार्मासिस्ट और मालिक अनुपस्थित मिले। फ्रिज खराब था और उसमें रखी अधिकांश दवाइयां एक्सपायर मिलीं। सभी एक्सपायर दवाइयां जब्त कर स्टोर को बंद करा दिया गया। पर्व मेडिकल स्टोर में छह माह पहले एक्सपायर हो चुकी दवाइयां मिलीं। नारकोटिक्स दवाओं के बिल भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जिसके चलते उसे भी बंद कर दिया गया।
जनता मेडिकल स्टोर में खराब फ्रिज में रखे इंजेक्शन खराब अवस्था में मिले। स्टोर को सील कर दवाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी है। शंभु मेडिकल स्टोर में एक्सपायर दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था नहीं मिली। इस पर सभी व्यवस्थाएं पूरी होने तक संचालन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं हेल्थ केयर फार्मेसी में फार्मासिस्ट और मालिक दोनों अनुपस्थित मिले। अनियमितताओं के चलते उसे भी बंद करा दिया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। इससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










