ग्रेटर नोएडा। कैंसर रोधी दवाओं का जखीरा बरामद करने में सफलता मिली है। यह सफलता क्राइम ब्रांच दिल्ली, सीडीएससीओ नार्थ जोन और जिला औषधि विभाग की संयुक्त टीम को मिली। नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में छापेमारी की गई थी। मौके से करीब दो करोड़ रुपये की कैंसर रोधी और अन्य दवाएं बरामद की हैं। फ्लैट में दवाओं को अवैध रूप से रखे जाने के आरोप में एक युवक को भी गिरफ्तार किया है।

यह है मामला

जिला औषधि निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि सोसायटी के फ्लैट नंबर-402 में प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा होने की सूचना मिली थी। इस आधार पर तीनों विभागों की टीम ने संयुक्त रूप से फ्लैट पर छापा मारा। वहां से कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली महंगी और आयातित जैविक दवाएं मिलीं। पता चला कि ये दवाएं बिहार सरकार द्वारा आपूर्ति की जाती हैं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत लगभग दो करोड़ रुपये है।

मौके से आनंद कुमार नाम के युवक को हिरासत में लिया गया है। यह गिरोह दिल्ली में पहले से चल रहे एक बड़े रैकेट से जुड़ा है। इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें 9 लोग पहले ही दिल्ली में पकड़े जा चुके थे। आज की कार्रवाई में 10वीं गिरफ्तारी नोएडा से हुई है। बरामद दवाओं को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है। टीम अन्य ठिकानों पर भी दबिश की तैयारी कर रही है।