गोंडा (उप्र)। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। बड़गांव इलाके में औषधि विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान 107 बोरियों में रखी नारकोटिक्स और एलोपैथिक की दवाएं पकड़ीं। इन दवाओं की कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये है। टीम ने 19 दवाओं के नमूने लिए हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी शिवम कसौधन को गिरफ्तार किया है। उसके भाई अमन कसौधन की भी मामले में भूमिका सामने आई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।

दवाओं के अवैध कारोबार की जांच शुरू कर दी गई है। टीम सबसे पहले जयनगरा बड़गांव स्थित अमन फार्मास्यूटिकल्स के पते पर पहुंची। पते पर इस नाम से कोई फर्म संचालित नहीं मिली। पूछताछ के बाद टीम अमन कसौधन के भाई शिवम कसौधन के बताए पते पर बरियारपुरवा के गोदाम पर पहुंची। यहां बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं मिलीं। शिवम कोई वैध औषधि विक्रय लाइसेंस नहीं दिखा सका।

टीम ने दवाओं के खरीद-बिक्री संबंधी बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेख मांगे। दस्तावेज नहीं मिले। अन्य दोनों ठिकाने की जांच में टीम को भारी मात्रा में नारकोटिक्स और एलोपैथिक दवाएं डंप मिलीं। पुलिस ने बड़गांव निवासी अमन कसौधन और शिवम कसौधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है।