आगरा (उप्र)। नकली पेन किलर ‘ऑक्साल्जिन डीपी’ बनाने पर दवा कारोबारी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी नामी कंपनी के नाम से नकली दवा का निर्माण, भंडारण और बिक्री कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
यह है मामला
औषधि विभाग को नकली दवाओं की बिक्री को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जानकारी मिली कि बाजार में एक प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से नकली दवा बेची जा रही है। इसके बाद औषधि निरीक्षक की शिकायत पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जानकारियों के आधार पर पुलिस ने कथित दवा माफिया सुरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नकली दवाओं के कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसके संपर्कों की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया कि नकली दवाओं की सप्लाई के लिए एक नेटवर्क काम कर रहा था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।










