नागपुर (महाराष्ट्र)। कॉस्मेटिक फर्म पर रेड कर पाक निर्मित अवैध सौंदर्य प्रसाधन जब्त किए गए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने इटवारी बाजार में एक कॉस्मेटिक्स फर्म पर छापा मारा। हानिकारक पारा और स्टेरॉयड के संदेह में पाकिस्तान मूल के सौंदर्य प्रसाधन जब्त किए। इन उत्पादों को आयात लाइसेंस के बिना भारत में तस्करी करके लाया गया है। इनमें पारा और स्टेरॉयड जैसी संभावित सामग्री मौजूद हो सकती है।
इस खेप में ब्यूटी क्रीम, फेस वॉश, बॉडी लोशन और व्हाइटनिंग सोप शामिल थे। इन पर गोरी कॉस्मेटिक्स या शाहीन कॉस्मेटिक्स द्वारा निर्मित मेड इन पाकिस्तान का लेबल लगा था। जांच में लेबलिंग संबंधी गंभीर उल्लंघन पाए गए। इनमें बैच नंबर, विनिर्माण लाइसेंस विवरण, निर्माता का पता, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि का अभाव शामिल है। इस मामले में आरोपी सतीवन विरवानी ने मुंबई स्थित सद्दाम नामक आपूर्तिकर्ता से बिना बिल के सामान खरीदने की बात स्वीकारी।
यह है मामला
सूचना के आधार पर, एक टीम ने इटवारी की कासरपुरा गली में अचानक छापा मारा। दुकान मालिक वीरवानी कोई भी वैध खरीद रिकॉर्ड, आयात दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तहसील पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके परिणामस्वरूप दुकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।










