हैदराबाद (तेलंगाना)। कॉस्मैटिक शॉप्स से लाखों के अनाधिकृत पाकिस्तानी सौंदर्य प्रसाधन जब्त किए गए हैं। दुकानों की तलाशी के दौरान अवैध रूप से आयात किए गए 7 लाख के सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद जब्त किए हैं।

यह है मामला

राजेंद्र नगर जोन के कमिश्नर टास्क फोर्स ने हबीब नगर और नामपल्ली में दबिश दी। इस दौरान केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के अधिकारी भी साथ रहे। ब्यूटी लेडीज एम्पोरियम, ब्यूटी क्वीन शॉप और एस.जे. मेडिकल शॉप का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इन उत्पादों को अनधिकृत सौंदर्य प्रसाधन के रूप में पहचाना। इन उत्पादों के पास भारत में आयात के लिए आवश्यक पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं था।

जब्त उत्पादों में पाक निर्मित त्वचा को गोरा करने वाली क्रीम और साबुन शामिल थे। पहचाने गए ब्रांडों में गोरी, चांदनी, फैज़, नाविया, गोल्डन पर्ल, सदाफ, फेस फ्रेश, स्टिलमैन्स और नूर गोल्ड शामिल थे। जांच के दौरान मोहम्मद फजल, मोहम्मद अयान, मोहम्मद रियाजुद्दीन, सैयद आबिद अली और सैयद इस्माइल की पहचान की गई। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।