रुड़की (उत्तराखंड)। अवैध निजी अस्पताल पर छापेमारी कर सील किया गया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस स्टैंड के पास एक कॉलोनी की बिल्डिंग में की। यहां संचालित निजी अस्पताल पर छापपेमारी की। टीम के मांगे जाने पर अस्पताल रजिस्ट्रेशन के वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके चलते अस्पताल को सील कर दिया गया। टीम को मौके पर मरीजों के उपचार से जुड़ी गतिविधियां भी मिलीं।

अस्पताल में नियमों के विपरीत उपचार किया जा रहा था। इसी संचालक के खिलाफ करीब डेढ़ साल पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। उस समय रेलवे रोड पर यह अस्पताल संचालित था। तब करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

अब अस्पताल का ठिकाना बदलकर रुड़की-लक्सर मार्ग स्थित कॉलोनी में बनाया गया। यहां जीवन हेल्थ केयर सेंटर के नाम से मरीजों का उपचार शुरू कर दिया। कुछ समय बाद अस्पताल का बोर्ड भी हटा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को लगातार यहां अस्पताल संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग ने अस्पताल संचालन की गतिविधियां मिलने पर परिसर को सील कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।