जमुनहा, श्रावस्ती (उप्र)। नशीली दवा बिक्री की सूचना पर मेडिकल स्टोर सील िकया गया है। लालबोझा दरवेश गांव चौराहे पर संचालित एक मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री की शिकायत मिली थी। इस पर औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दुकान स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। टीम ने दुकान को सील कर अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
यह है मामला
लालबोझा दरवेश गांव चौराहा स्थित संचालित मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की बिक्री की सूचनाएं मिल रही थीं। शिकायत पर औषधि निरीक्षक श्रावस्ती श्रीकांत गुप्ता ने पुलिस के साथ छापेमारी की। पुलिस की मौजूदगी में मकान मालिक काशीराम के घर में बनी पक्की दुकान की जांच की। मौके पर दुकान के अंदर दवाइयां, अलमारियां तथा बिक्री के लिए काउंटर रखा मिला।
टीम के पहुंचने की भनक लगते ही स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद बेलरी ग्राम प्रधान रक्षा राम यादव व ग्रामीणों की मौजूदगी में दुकान का शटर बंद कर सील कर दिया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि संचालक को तीन दिन के भीतर मेडिकल स्टोर से संबंधित सभी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।










