मिर्जापुर। दवा सेवन के बाद बच्ची की मौत का मामला प्रकाश में आया है। इसके चलते झोलाछाप समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है। नकहरा चौसा मोड़ पर झोलाछाप के यहां दवा सेवन के बाद 10 महीने की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

यह है मामला

जसोवर गांव निवासी सनोज उर्फ गणेश ने बताया कि 10 माह की बेटी को कृष्णा अस्पताल में कराया था। इलाज के बाद बच्ची की हालत ठीक होने पर उसे घर ले आए। अगले दिन डॉक्टर ने बच्ची को भाप दिलाने की सलाह दी। इसके बाद वह बच्ची को लेकर डॉ. जगदीश विश्वकर्मा के पास पहुंचे। अभिषेक पाल और दिनेश यादव ने बच्ची को दवा दी। दवा देने के तुरंत बाद बच्ची की मौत हो गई।

बच्ची की मौत के बाद डॉक्टर के मौके से चले जाने का भी आरोप लगाया गया है। आरोप है कि डॉ. जगदीश विश्वकर्मा के पास चिकित्सा संबंधी कोई डिग्री नहीं है। वह अवैध रूप से अस्पताल चला रहे हैं। मामले में पुलिस ने डा. जगदीश विश्वकर्मा, अभिषेक पाल और दिनेश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। झोलाछाप उसके कंपाउंडर के खिलाफ कानूनन कार्रवाई की जा रही है ।