जबलपुर (मध्य प्रदेश)। पैरासिटामोल सिरप के सैंपल जांच में फेल मिले हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल सिरप के एक बैच पर रोक लगा दी है। इसे बच्चों को दिया जाता है। जिले में सरकारी अस्पतालों में बैच नंबर 41507 नंबर की पैरासिटामोल दवा सप्लाई की गई थी।
पैरासिटामोल पेडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईपी (125 एमएल) की निर्माता कंपनी इंदौर की मेसर्स जेनिथ ड्रग्स लिमिटेड है। इसने 1 साल पहले जबलपुर के जिला अस्पताल में सिरप सप्लाई किया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि जांच के बाद ही सरकारी अस्पतालों में दवा सप्लाई होती है। लेकिन एहतियात के तौर पर सप्लाई के बाद दोबारा दवा का सैंपल जांच के लिए भेजा जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत पेरासिटामोल पेडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन आईपी का सैंपल जांच के लिए भेजा था। इसकी रिपोर्ट आने में 1 साल का वक्त लग गया।
जांच रिपोर्ट में पैरासिटामोल फेल पाई गई। सुरक्षा के तहत सभी अस्पतालों में इसके वितरण पर रोक लगा दी है। साथ ही पैरासिटामोल सिरप के स्टॉक की जांच के लिए भी निर्देश दिए हैं।










