नई दिल्ली। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने फार्मेसी कॉलेजों में नए कोर्स शुरू करने और मौजूदा कोर्स में सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया को लेकर स्थिति साफ कर दी है। काउंसिल के अनुसार केवल वही संस्थान इसके लिए आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए अपना स्टैंडर्ड इंफॉर्मेशन फॉर्म (SIF) जमा कर दिया है।
नए कोर्स (Intro) और सीट वृद्धि (Raise) के आवेदन DIGI-PHARMed पोर्टल पर एक अलग विंडो के जरिए लिए जा रहे हैं। यह पोर्टल पूरे साल खुला रहेगा, लेकिन अकादमिक कैलेंडर की समय-सीमा का पालन करना होगा। 14 नवंबर तक जरूरी वैधानिक दस्तावेजों के साथ मिले आवेदनों पर ही आगामी सत्र के लिए विचार किया जाएगा।
मंजूरी की प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में संस्थानों को वैधानिक और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इस चरण को काउंसिल की मंजूरी मिलने के बाद ही दूसरे चरण का विकल्प खुलेगा, जिसमें अतिरिक्त जानकारी अपडेट करनी होगी। OTP सत्यापन के साथ दूसरा चरण पूरा होने पर ही आवेदन जमा माना जाएगा।
जिन संस्थानों ने 2026-27 सत्र के लिए आवेदन नहीं किया था, उन्हें पहले 2027-28 का SIF भरना होगा। PCI अक्टूबर के अंत से 2027-28 सत्र की मंजूरी प्रक्रिया शुरू करने जा रही है और संस्थानों को दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है।
