गाजीपुर। मेडिकल स्टोरों पर रेड कर चार एंटीबायोटिक दवाओं के सैंपल लिए हैं। औषधि विभाग की टीम ने सैदपुर नगर में निरीक्षण अभियान चलाया। दो दवा प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर के खिलाफ दर्ज शिकायत निराधार मिली। एक थोक दवा प्रतिष्ठान से गुणवत्ता जांच के लिए एंटीबायोटिक दवाओं के चार सैंपल लिए।
यह है मामला
ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश द्विवेदी की टीम रौजाद्वार स्थित मीना मेडिकल स्टोर पहुंची। मेडिकल स्टोर के खिलाफ बिना लाइसेंस संचालन की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान लाइसेंस समेत अन्य अभिलेख सही मिले। शिकायत को तथ्यहीन मानते हुए उसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद टीम हीरा सिंह यादव कटरा में संचालित श्री इंटरप्राइजेज पहुंची। यहां प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न कंपनियों की एंटीबायोटिक दवाओं के चार नमूने लिए। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि नमूनों को सरकारी प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।










