गुरुग्राम (हरियाणा)। ब्लड प्रेशर की नकली दवाइयों की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नकली दवाइयों की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह बीपी के इलाज वाली एक प्रसिद्ध दवा की नकली खेप हरियाणा और दिल्ली में सप्लाई कर रहा था।
यह है मामला
एफडीए अधिकारियों को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम में ब्लड प्रेशर की नकली दवाइयों की बिक्री की जा रही है। सूचना पर तीन ड्रग कंट्रोल अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान टीम ने सप्लाई चेन की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इसमें कई अहम तथ्य सामने आए हैं।’श्री बालाजी फोरम’ नामक होलसेल ड्रग एजेंसी के माध्यम से गुरुग्राम में नकली दवाइयों की सप्लाई की गई थी। संबंधित एजेंसी के पास दवाइयों के व्यापार के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस भी नहीं था। आरोपियों ने खुलासा किया कि नकली दवाइयों का निर्माण उत्तराखंड के रुड़की में किया जाता था। इन्हें लखनऊ के रास्ते हरियाणा और दिल्ली समेत विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जाता था। अब एफडीए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटा है।










