रामपुर (उप्र)। प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सीरप की तस्करी का मामला पकड़ा गया है। सख्ती के बावजूद जिले में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई जारी है। सैफनी थाना पुलिस ने मुरादाबाद के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच पेटी कोडीन युक्त सीरप मिला है। इसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये बताई गई है।

यह है मामला

दवाओं की अवैध बिक्री एवं भंडारण की रोकथाम के लिए चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बिलारी-सैफनी रोड पर कार को रोका। पुलिस को देख कार में सवार तीन युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दो को दबोच लिया और एक फरार हो गया। पकड़े गए युवक मुरादाबाद के बिलारी के फहीम और जुबेर हैं।

औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि कार से 500 कोडीन सीरप की बोतलें बरामद हुईं। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बरामद सीरप की अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये है। सीज की गई दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।

बता दें कि जिले में नशीली दवाओं का अवैध धंधा चल रहा है। 12 अप्रैल को भी नशीली दवाओं के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। आरोपितों के पास से 2992 शीशी कोडेकटस टीआर और 144 शीशी वेरीकोफ नशे का सीरप मिला है। इसके अतिरिक्त 35 डिब्बे जिसमें 8400 ट्रामाडोल कैप्सूल मिले थे।