कटनी (मप्र)। किशोरी की मौत होने पर निजी अस्पताल में हंगामा हो गया। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। संदीप शुक्ला की 14 साल की बहन को पेट में दर्द हुआ। इसके बाद परिजन उसे कटनी जिला अस्पताल ले गए।
परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान बच्ची को गलत इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर फैलते ही परिजन और बजरंग दल कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल के मेन गेट पर प्रदर्शन किया। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण बच्ची की जान गई है। मामले में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार
सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा मौके पर पहुंचे। परिजनों और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।










