आगरा (उप्र)। नकली दवा मामले में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी का मामला प्रकाश में आया है। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने कोतवाली के दवा बाजार में बंसल मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। स्टोर बंद मिलने पर आसपास पूछताछ की। इसके बाद दुकान पर नोटिस चस्पा कर टीम लौट गई। मामले में आरोपियों को बयान देने के लिए दिल्ली आने के निर्देश दिए हैं।
यह है मामला
बीते वर्ष आगरा में करोड़ों रुपये की नकली दवाओं की सप्लाई का मामला पकड़ा गया था। क्षेत्र में बंसल मेडिकल स्टोर की भी जांच हुई थी। बंसल मेडिकल के पांडिचेरी में संचालित मीनाक्षी फार्मा व श्री अमान फार्मा से खरीदी नकली दवाओं की सप्लाई की पुष्टि हुई थी। उस मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच भी जांच कर रही है। इसी सिलसिले में टीम कोतवाली थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ बंसल मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मेडिकल स्टोर बंद मिलने पर दुकान के बाहर नोटिस चस्पा कर लौट गई। नोटिस में संजय बंसल के बेटे सिद्धांत समेत अन्य आरोपितों को बयान के लिए बुलाया है। वहीं नोटिस के बाद दवा बाजार में हलचल मची है।










