बहराइच। दवा व्यवसाई के गोदाम पर औषधि विभाग और पुलिस की टीम ने छापा मारा। इस दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद की गई। टीम ने बरामद सिरप को जब्त कर दवा व्यवसायी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

सूचना मिली थी कि शिवांश मेडिकल एजेंसी के गोदाम में भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप रखी गई है। इस सूचना पर औषधि विभाग ने पुलिस के साथ मौके पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान गोदाम से 67 पेटी कोडीन कफ सिरप बरामद हुई। जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई देर रात करीब एक बजे तक चली। औषधि निरीक्षक ने बताया कि कुल 8140 बोतल कोडीन कफ सिरप मिली है।

इस संबंध में दरगाह थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। दो दिन पहले भी भारत-नेपाल सीमा से सटे रूपईडीहा इलाके में बड़ी मात्रा में कोडीन सिरप बरामद हुई थी।