बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा)। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री का मामला पकड़ में आया है।नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यूनिट ने यह कार्रवाई की। टीम ने फतेहपुर बिल्लौच गांव में नशीली दवाओं का कारोबार करने के आरोपी प्रवीन कुमार को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपी के मकान और सामने बने गोदाम से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए हैं।
यह है मामला
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फरीदाबाद की टीम फतेहपुर बिल्लौच ऑटो स्टैंड पर मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रवीन कुमार प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचता है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने प्रवीण कुमार के मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से अल्प्राजोलम की 15 स्िट्रप में 225 गोलियां बरामद हुईं। ट्रामाडोल और पैरासिटामोल वाली 125 गोलियां बरामद हुईं। अलग-अलग ब्रांड की ट्रामाडोल वाली कैप्सूल भी मिली है।
पुलिस ने ट्रामाडोल के इंजेक्शन भी बरामद किए। इसके बाद टीम ने आरोपी के सामने स्थित गोदाम की तलाशी ली। यहां एक गत्ते की पेटी में अल्प्राजोलम की बड़ी मात्रा में गोलियां मिलीं। इनका वजन करीब 1056 ग्राम बताया गया। इसके अलावा ट्रामाडोल के 300 इंजेक्शन और 50 अन्य इंजेक्शन बरामद किए गए। सभी बरामद सामग्री में ट्रामाडोल नमक का कुल वजन करीब 899.170 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद नशीली दवाओं के बिल और लाइसेंस मांगे । वह कोई डॉक्यूमेंट जमा नहीं कर सका। बरामद माल को सील किया गया है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया।










