मेरठ (यूपी)। दवा गोदाम से एक्सपायर दवाइयां और प्रिंटेड लेबल किए सीज किए हैं। सिवालखास कस्बे में पुलिस, एसओजी देहात और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने गोदाम से एक्सपायर दवाइयां, पीवीसी के प्रिंटेड लेबल रोल और आयुर्वेद दवा सामग्री बरामद की। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान गोदाम संचालक को हिरासत में लिया गया। गोदाम में दवाइयों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। बरामद दवाइयों और चार लेबल रोल को नियमानुसार सीज कर सील कर दिया है।

सूचना पर संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

सिवालखास स्थित एक गोदाम में दवाइयों के भंडारण से संबंधित जानकारी मिली थी। पुलिस व औषधि विभाग की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया। गोदाम से विभिन्न प्रकार की दवाइयां, पीवीसी के प्रिंटेड लेबल रोल और अन्य दवा सामग्री मिली। बरामद सामान को फॉर्म-16 में क्रम संख्या 1 से 28 तक दर्ज किया गया। इसके बाद दवाइयों और चार लेबल रोल को सीज कर सील कर दिया गया।

लाइसेंस और दस्तावेज नहीं दिखा सका संचालक

गोदाम संचालक दवाइयों के भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने अपने भाइयों के साथ फर्म और गोदाम संचालित करने की जानकारी दी। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।