पटना (बिहार)। दवा कंपनी की एजेंसी पर नकली व एक्सपायरी दवाएं जब्त हुई हैं। कंकड़बाग स्थित एमएस सेलूलस फार्मा लिमिटेड में रेड हुई। स्टेट ड्रग कंट्रोलर के नेतृत्व में छापेमारी की गयी। इस कार्रवाई में करीब 15 लाख की दवाएं जब्त की गई। जांच के दौरान एक्सपायरी दवा के साथ शराब भी बरामद हुईं। पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालक मृत्युंजय समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह है मामला

स्टेट ड्रग कंट्रोलर नित्यानंद क्रिसलय को नकली दवा बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद कंकड़बाग की पीसी कॉलोनी स्थित डी-167 में संचालित प्रतिष्ठान पर रेड की। यहां दवाओं के भंडारण और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज जांचे। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 15 लाख की दवाएं जब्त कीं। गिरफ्तार आरोपितों में मृत्युंजय कुमार सिंह, राजा सिंह और सौरभ कुमार शामिल हैं।

शराब बरामदगी में तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पता चला कि मृत्युंजय दूसरे राज्यों की कंपनियों से दवाएं बनवाता था। उनकी आपूर्ति पटना सहित बिहार के विभिन्न इलाकों में करता था। निरीक्षण के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री के दस्तावेज नहीं मिले। लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप साइनबोर्ड भी प्रदर्शित नहीं मिला। दवाओं के भंडारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी।

अनियमितताओं के चलते फ्लैट के मुख्य द्वार को सील कर दिया है। जांच के दौरान एक इंजेक्शन और टैबलेट एक्सपायरी मिली। इसे लेकर अलग से मामला दर्ज किया है। 10 दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी है। सात दवाओं के नमूने लिए गये हैं।