दरभंगा (बिहार)। अवैध मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर दवाएं जब्त की गई हैं। टेकटार गांव में अवैध रूप से संचालित दवा दुकान के खिलाफ औषधि विभाग ने कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर औषधि विभाग की टीम ने दुकान में छापेमारी की। वहां रखी सभी दवाओं को जब्त कर लिया। टीम ने दवाओं के नमूने भी लिये हैं।

शिकायत के बाद पहुंची औषधि विभाग की टीम

टेकटार गांव के किला मस्जिद के समीप जकी अहमद के निवास में दवाओं की खरीद-बिक्री की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद औषधि निरीक्षण टीम ने दुकान की जांच की। दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित आवश्यक कागजात और बिल की जांच की। टीम ने दुकान के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।

विभागीय टीम ने दुकान में रखी सभी दवाओं को अपने कब्जे में ले लिया। टीम ने दवाओं के नमूने भी लिए हैं। दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी है। जब्त दवाओं की गुणवत्ता, खरीद के स्रोत और उनके वैध तरीके से बिक्री की जांच की जाएगी।

दवाओं के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। जांच में दवाओं की गुणवत्ता और उनके स्रोत से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जायेगी। कार्रवाई के दौरान औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारी, कमतौल थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।