आगरा। दवा मार्केट में छापेमारी से कई मेडिकल स्टोरों के शटर गिरने का समाचार है। फव्वारा स्थित दवा मार्केट में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई की। इसकी सूचना मिलते ही फुव्वारा दवा मार्केट और मुबारक महल दवा मार्केट में हडक़ंप मच गया। कई दवा कारोबारियों ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए। इससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एफएसडीए की टीम ने बाजार पहुंचते ही कई प्रतिष्ठानों पर जांच शुरू की। 4 से 5 दवा दुकानों पर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी दवाओं के स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, लाइसेंस आदि की जांच कर रहे हैं। साथ ही कई अन्य दुकानों के अभिलेखों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

अचानक हुई इस कार्रवाई से दवा व्यवसायियों में खलबली मच गई। व्यापारी अपने दस्तावेजों को व्यवस्थित करने में जुट गए। बाजार में दिनभर कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। एफएसडीए की टीम विभिन्न दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान कर रही है। अधिकारियों का फोकस दवाओं की वैधता, लाइसेंस की स्थिति पर है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।