अहमदाबाद (गुजरात)। नशीली दवा ट्रामाडोल की तस्करी का मामला पकड़ में आया है। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते ने राजस्थान जा रही एक लग्जरी बस को अहमदाबाद के शाहीबाग में रोका। बस की तलाशी में ट्रामाडोल की दो लाख से अधिक टेबलेट जब्त की। इसकी बाजार कीमत 8 करोड 32 लाख रुपये बताई गई है। मौके से फरार आरोपी परेश पारसमल जैन को राजस्थान के उदयपुर से दबोच लिया।
एटीएस पुलिस अधीक्षक के सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। संयुक्त अभियान के तहत शाहीबाग पहुंची एमआर ट्रेवल्स की लग्जरी बस की तलाशी ली। यह बस अंकलेश्वर से राजस्थान के पाली जा रही थी। इसमें 416 बॉक्स में रखी 2 लाख 8 हजार ट्रामाडोल हाईड्रोक्लोराइड की प्रतिबंधित टेबलेट बरामद की। आरोपी परेश पारसमल जैन राजस्थान भाग गया। पुलिस ने उसे उदयपुर के गोगुंदा में दबोच लिया। आरोपी से पता चला कि मई माह में वह 62 लाख से अधिक टेबलेट राजस्थान व उत्तर प्रदेश पहुंचा चुका है। इससे पहले आरोपी प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ पकड़ा गया था।










